गणतंत्र दिवस पर 942 कर्मियों का होगा सम्मान
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 942 पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और अन्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित करेंगी।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 942 पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और अन्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित करेंगी। इस सूची में 95 वीरता पदक भी शामिल हैं, जो विभिन्न श्रेणियों में वितरित किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और सुधारात्मक सेवाओं में कार्यरत कर्मचारी शामिल होंगे।
वीरता पदक प्राप्त करने वाले 28 कर्मी नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात हैं, जबकि 28 जवान जम्मू-कश्मीर और 3 पूर्वोत्तर क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। बाकी 36 कर्मचारियों को भी वीरता पुरस्कार मिलेगा। विशिष्ट सेवा (क्कस्रू) के लिए कुल 101 राष्ट्रपति पदक दिए जाएंगे, जिनमें 85 पुलिस कर्मियों, 5 अग्निशमन सेवा कर्मियों, 7 नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड कर्मियों और 4 सुधारात्मक सेवा कर्मियों को पदक दिए जाएंगे।
इसके अलावा, 746 सराहनीय सेवा पदक (रूस्रू) भी दिए जाएंगे। इनमें 634 पुलिस कर्मी, 37 अग्निशमन कर्मी, 39 नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड कर्मी, और 36 सुधारात्मक सेवा कर्मचारी शामिल होंगे। वीरता पदक ऐसे कर्मियों को दिया जाता है जिन्होंने अपनी सेवा के दौरान जोखिम उठाते हुए महत्वपूर्ण कार्य किए, जैसे जीवन और संपत्ति की रक्षा करना या अपराधियों को पकड़ना।
वहीं, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक उन कर्मियों को दिया जाता है जिन्होंने अपनी सेवा में विशेष योगदान दिया, और सराहनीय सेवा पदक संसाधन और कर्तव्यों में उत्कृष्ट समर्पण को मान्यता देता है।