18 दिसंबर को होगा हाईटेक गौशाला का भूमिपूजन
मध्य प्रदेश के जबलपुर के निकट उमरिया गांव में बनने वाली जिले की पहली हाईटेक गौशाला का भूमि पूजन अब 15 की जगह 18 दिसंबर को किया जाएगा।

सीएम का जबलपुर दौरा टला, दस हजार गोवंश के लिए 80 एकड़ में होगा निर्माण
द त्रिकाल डेस्क, जबलपुर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर के निकट उमरिया गांव में बनने वाली जिले की पहली हाईटेक गौशाला का भूमि पूजन अब 15 की जगह 18 दिसंबर को किया जाएगा। दरअसल 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जबलपुर आगमन होना था, लेकिन फिलहाल उनका यह दौरा स्थगित हो गया है। अब 18 दिसंबर को उनका जबलपुर आगमन प्रस्तावित है।
उमरिया ग्राम में लगभग 80 एकड़ भूमि में जबलपुर की पहली आधुनिक गौशाला बनाई जा रही है। जिसके भूमि पूजन के लिए 15 दिसंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का जबलपुर आगमन होना था। लेकिन, किन्हीं कारणों से फिलहाल उनका यह दौरा स्थगित हो गया है। अब वह 18 दिसंबर को जबलपुर दौरे पर आएंगे। लिहाजा गौशाला का भूमि पूजन अब 18 तारीख को किया जाएगा।
-इस मायने में अलग है गौशाला
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बताया कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में हाईटेक गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। जबलपुर में फिलहाल 10 करोड़ की लागत से गौशाला बनेगी। जिसमें लगभग 10 हजार गोवंश को रखे जाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। फिलहाल 1 हजार गोवंशों से इसका शुभारंभ किया जाएगा। गौशाला निर्माण के बाद सड़कों पर घूमने वाले गौवंशों को इस गौशाला में रखा जाएगा।
-तिलवारा में है पुरानी गौशाला
तिलवारा क्षेत्र में इसके पहले गौशाला का निर्माण किया गया था। जिसकी क्षमता 12 सौ गाय की है। अभी यहां लगभग ढाई हजार से ज्यादा गौवंश रखे हुए हैं। जिसके कारण काफी दिक्कतें हो रही थी। लिहाजा इसे देखते हुए नई गौशाला का निर्माण उमरिया में किया जाएगा।
-बजट का संकट
उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा 70 से 80 करोड़ रुपए की लागत से इस गौशाला का निर्माण प्रस्तावित था। लेकिन, बजट की कमी के कारण फिलहाल 10 करोड़ की लागत से ही यह गौशाला बनाई जाएगी।