मऊगंज प्रशासन में हिंसक घटना के बाद बदलाव
मध्य प्रदेश के रीवा संभाग में गठित नए जिले मऊगंज में 15 मार्च को हुई सनसनीखेज घटना के बाद राज्य सरकार ने वहां के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक रसना ठाकुर को हटा दिया है।

- कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और एसपी रसना ठाकुर हटाए गए,
- संजय जैन और दिलीप सोनी को नई जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश के रीवा संभाग में गठित नए जिले मऊगंज में 15 मार्च को हुई सनसनीखेज घटना के बाद राज्य सरकार ने वहां के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक रसना ठाकुर को हटा दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, संजय जैन को नया कलेक्टर और दिलीप सोनी को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
जानिए क्या है पूरा मामला-
15 मार्च को मऊगंज में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम को सुलह कराने भेजा गया था, लेकिन ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में एक सहायक उप निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसके अलावा, एक युवक को बंधक बनाकर उसे मार दिया गया।
नए प्रशासनिक नियुक्तियां
सरकार के आदेश अनुसार, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी अजय श्रीवास्तव को मऊगंज कलेक्टर पद से हटाकर भोपाल भेज दिया गया है, जहां उन्हें मध्य प्रदेश शासन के लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग में उप सचिव और मध्य प्रदेश राज्य परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी के अपर प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
उनके स्थान पर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी संजय कुमार जैन को मऊगंज का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग में उप सचिव और मध्य प्रदेश राज्य परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी, भोपाल के अपर प्रबंध संचालक के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा, वे खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।
पुलिस प्रशासन में बदलाव-
मऊगंज की पूर्व एसपी रसना ठाकुर को भोपाल पुलिस मुख्यालय भेजा गया है, जबकि 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी दिलीप कुमार सोनी को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले, वे उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के एसपी के रूप में कार्यरत थे। दिलीप कुमार सोनी ने 1997 में छतरपुर से राज्य पुलिस सेवा में अपने करियर की शुरुआत की थी।