दिल्ली चुनाव:3 बजे तक 46.55 फीसदी मतदान

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक 46.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 1.56 करोड़ मतदाताओं की वोटिंग के बाद 699 उम्मीदवारों की सियासी किस्मत होगी।

Feb 5, 2025 - 16:02
 8
दिल्ली चुनाव:3 बजे तक 46.55 फीसदी मतदान
Delhi elections: 46.55% polling till 3 pm

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक 46.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 1.56 करोड़ मतदाताओं की वोटिंग के बाद 699 उम्मीदवारों की सियासी किस्मत होगी। आठ फरवरी को मतगणना के बाद तय हो जाएगा कि दिल्ली में अगले पांच साल कौन राज करेगा। 

13,033 मतदान केंद्र-

दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई सरकार चुनने के लिए कुल 1,56,14,000 मतदाता योग्य हैं, जिनमें 83,76,173 पुरुष और 72,36,560 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, अन्य मतदाताओं की संख्या 1,267 है। ये सभी मतदाता दिल्ली के 70 जनप्रतिनिधियों का चयन करने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। इस बार कुल 13,033 मतदान केंद्रों पर वोटिंग की व्यवस्था की गई है।

96 महिलाएं उम्मीदवार-

मतदान खत्म होते ही 699 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। इन उम्मीदवारों में 96 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 23 उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा सीट पर हैं। नई दिल्ली विधानसभा सीट इस चुनाव की सबसे हॉट सीट बनी हुई है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उतारा है।  इसी तरह सबसे कम उम्मीदवार कस्तूरबा नगर और पटेल नगर सीट पर हैं। इन दोनों सीटों पर 5-5 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 

इन सीटों पर रहेगी नजर-

जिन सीटों पर सबसे अधिक ध्यान केंद्रित होगा, उनमें नई दिल्ली सीट सबसे ऊपर है, जहां 23 उम्मीदवार मुकाबले में हैं। इसी तरह, कालकाजी सीट पर भी सभी की नजरें बनी रहेंगी। यहां से मुख्यमंत्री आतिशी आम आदमी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा के टिकट पर रमेश बिधुड़ी तो कांग्रेस के टिकट पर अलका लांबा मैदान में हैं। बिजवासन विधानसभा सीट पर भी रोचक मुकाबला हो रहा है। यहां से आम आदमी पार्टी के दो पुराने विधायक दूसरी पार्टियों के टिकट पर मैदान में हैं। चंद महीने पहले तक आतिशी सरकार में मंत्री रहे कैलाश गलहोत भाजपा के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के टिकट पर उतरे देवेंद्र सहरावत 2015 में बिजवासन सीट से आप के टिकट पर जीत दर्ज कर चुके हैं।