डॉ.मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन

आर्थिक सुधारों के जनक पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। पूर्व पीएम की बेटी ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनका निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

Dec 28, 2024 - 15:33
 6
डॉ.मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन
Dr Manmohan Singh merged into the five elements

निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, बेटी ने दी मुखाग्नि 

आर्थिक सुधारों के जनक पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह  पंचतत्व में विलीन हो गए। उनकी बेटी ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनका अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। इससे पहले, निगम बोध घाट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राहुल गांधी ने उन्हें कंधा भी दिया।

दर्शन के लिए कांग्रेस मुख्यालय लाया गया पार्थिव शरीर-

पूर्व प्रधानमंत्री का पार्थिव शरीर उनके आवास से सुबह लगभग नौ बजे कांग्रेस मुख्यालय लाया गया, जहां पहले से ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन के लिए उपस्थित थे। मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर वहां रखने के बाद सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस के अन्य कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और उनके कुछ अन्य पारिवारिक सदस्य भी कांग्रेस मुख्यालय में मौजूद थे। गुरशरण कौर ने पुष्प अर्पित कर अपने पति को अंतिम विदाई दी। राहुल गांधी, मनमोहन सिंह के परिवार को सांत्वना देते हुए पार्टी मुख्यालय में उनके साथ अंदर गए।

10 वर्ष तक रहे देश के प्रधानमंत्री-

मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक दस वर्षों तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया और उससे पहले वित्त मंत्री के रूप में देश की आर्थिक संरचना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में सरकार ने सूचना का अधिकार (आरटीआई), शिक्षा का अधिकार (आरटीई) और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) जैसी क्रांतिकारी योजनाओं की शुरुआत की।