मशहूर पॉप सिंगर कैटी पेरी अंतरिक्ष में गाना गाकर रचेंगी इतिहास
मशहूर पॉप सिंगर कैटी पेरी जल्द ही एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रही हैं। वह अंतरिक्ष में परफॉर्म करने वाली पहली गायिका बनने वाली हैं। कैटी पेरी सोमवार को एक ऑल-फीमेल क्रू के साथ अंतरिक्ष की दहलीज छूने के मिशन पर रवाना होंगी।

मशहूर पॉप सिंगर कैटी पेरी जल्द ही एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रही हैं। वह अंतरिक्ष में परफॉर्म करने वाली पहली गायिका बनने वाली हैं। कैटी पेरी सोमवार को एक ऑल-फीमेल क्रू के साथ अंतरिक्ष की दहलीज छूने के मिशन पर रवाना होंगी। वह अरबपति जेफ बेजोस की स्पेस कंपनी 'ब्लू ओरिजिन' के रॉकेट में अन्य पांच महिला सदस्यों के साथ स्पेस यात्रा करेंगी। ‘फायरवर्क’ और ‘कैलिफोर्निया गर्ल्स’ जैसे हिट गानों के लिए मशहूर कैटी को पृथ्वी से 100 किलोमीटर से अधिक ऊंचाई तक ले जाया जाएगा। यह मिशन 'न्यू शेपर्ड' कार्यक्रम के अंतर्गत चलाया जा रहा है, और इसे NS-31 मिशन के नाम से जाना जाता है।
कैटी पेरी के साथ इस अंतरिक्ष मिशन में ‘ब्लू ओरिजिन’ के मालिक जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज, टीवी होस्ट गेल किंग, मानवाधिकार एक्टिविस्ट अमांडा गुयेन, फिल्म निर्माता केरियन फ्लिन और नासा की पूर्व रॉकेट वैज्ञानिक आइशा बोवे भी शामिल होंगी। सोमवार सुबह कैटी पेरी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपने फॉलोअर्स को उस कैप्सूल की झलक दिखाई, जो उन्हें और बाकी पांच महिलाओं को अंतरिक्ष की यात्रा पर ले जाएगा।
कैटी पेरी ने सोमवार को जो वीडियो साझा किया, उसमें वह नीले रंग के स्पेस सूट में नजर आ रही हैं। वीडियो में उन्होंने उस कैप्सूल के अंदर का दृश्य भी दिखाया, जहां वे लॉरेन सांचेज़ और अन्य महिला सदस्यों के साथ पिछले कुछ दिनों से ट्रेनिंग ले रही थीं। कैटी ने अपनी सीट की ओर कैमरा ज़ूम करते हुए दिखाया कि उनकी सीट नंबर 2 है और बताया कि उनका कॉल साइन 'फेदर' रखा गया है।
कैटी पेरी वीडियो में उत्साह से कहती हैं, "मैं अंतरिक्ष में गाना चाहती हूं... यह सच में मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। हम 'टेकिंग अप स्पेस क्रू' हैं। अब तक इस वाक्य का एक ही मतलब होता था, लेकिन पहली बार इसका एक नया अर्थ भी सामने आ रहा है।"
वीडियो के अंत में कैटी कहती हैं, "मैं यह नहीं कहूंगी कि मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं यहां हूं, बल्कि मुझे पूरा विश्वास है। मेरा मानना है कि जब आप अपने सपनों पर भरोसा करते हैं और उन्हें सच मानते हैं, तभी वे हकीकत में बदलते हैं।"
कैटी पेरी के साथ इस स्पेस मिशन में जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज भी शामिल होंगी, जो एक प्रशिक्षित हेलीकॉप्टर पायलट और पूर्व टीवी जर्नलिस्ट हैं। लॉरेन इस मिशन की कमान संभाल रही हैं। कैटी पेरी और अन्य महिलाओं का यह दल वेस्ट टेक्सास से करीब 10 मिनट की अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना होगा। यह रॉकेट पृथ्वी की सतह से लगभग 100 किलोमीटर की ऊंचाई तक जाएगा और उस करमन रेखा को पार करेगा, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंतरिक्ष की सीमा माना जाता है।
यह मिशन एक ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि पिछले 60 वर्षों में यह पहली बार है जब केवल महिलाओं का दल अंतरिक्ष की यात्रा पर जाएगा। इससे पहले 1963 में सोवियत इंजीनियर वेलेंटिना तेरेश्कोवा ने अकेले अंतरिक्ष में कदम रखा था। इस मिशन के दौरान कैटी पेरी और उनकी टीम लगभग 4 मिनट तक शून्य गुरुत्वाकर्षण (जीरो ग्रेविटी) का अनुभव करेंगी, जिसके बाद उनका कैप्सूल तीन पैराशूट के सहारे धरती पर सुरक्षित लौट आएगा।