वित्त मंत्री निर्मला दुनिया की सबसे ताकतवर महिलाओं की लिस्ट में शामिल
फोर्ब्स ने 2024 की दुनिया की सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची जारी की है, जिसमें उद्योग, मनोरंजन, राजनीति, समाज सेवा और नीति निर्माण से जुड़ी प्रमुख महिलाएं शामिल हैं।

रोशनी नदार और किरण मजूमदार भी फोर्ब्स की सूची में
फोर्ब्स ने 2024 की दुनिया की सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची जारी की है, जिसमें उद्योग, मनोरंजन, राजनीति, समाज सेवा और नीति निर्माण से जुड़ी प्रमुख महिलाएं शामिल हैं। इस 21वीं सूची में तीन भारतीय महिलाओं के नाम भी हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आइए जानते हैं इस सूची में कौन-कौन सी महिलाएं शामिल हैं और उनकी प्रमुख उपलब्धियां क्या हैं।
निर्मला सीतारमण-
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण फोर्ब्स की सबसे प्रभावशाली महिलाओं की सूची में 28वें स्थान पर हैं। उन्होंने मई 2019 में केंद्रीय वित्त मंत्री का पद संभाला था और तब से इस महत्वपूर्ण पद पर बनी हुई हैं। उनके कंधों पर भारत के तेजी से बढ़ते आर्थिक विकास को बनाए रखने की जिम्मेदारी है, और उनके नेतृत्व में भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर वह हमेशा मुखर रही हैं। राजनीति में कदम रखने से पहले, सीतारमण ब्रिटेन की एग्रीकल्चर इंजीनियर्स एसोसिएशन और बीबीसी वर्ल्ड से जुड़ी हुई थीं।
रोशनी नादर मल्होत्रा-
दिग्गज आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन और एचसीएल कॉर्पोरेशन की सीईओ, रोशनी नादर मल्होत्रा को फोर्ब्स की सबसे प्रभावशाली महिलाओं की सूची में 81वां स्थान प्राप्त हुआ है। रोशनी नदार 12 अरब डॉलर की कंपनी के रणनीतिक निर्णयों को निर्देशित करती हैं। वे शिव नदार फाउंडेशन की ट्रस्टी भी हैं, जो शिक्षा क्षेत्र में काम कर रही है। इसके अलावा, रोशनी नदार ने द हैबीटेटस ट्रस्ट की स्थापना की, जो प्राकृतिक संरक्षण के लिए काम करता है।
किरन मजूमदार शॉ-
किरन मजूमदार शॉ को फोर्ब्स की सबसे प्रभावशाली महिलाओं की सूची में 82वां स्थान मिला है। वह बायोटेक कंपनी बायोकॉन की संस्थापक और चेयरपर्सन हैं, जो आज अमेरिका, एशिया और अन्य वैश्विक बाजारों में सक्रिय है। किरन मजूमदार शॉ भारत के सबसे सफल उद्योगपतियों में से एक मानी जाती हैं। 2019 में, उन्होंने और उनके पति जॉन शॉ ने कैंसर शोध के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लॉसगो को 75 लाख डॉलर का दान दिया था। शॉ की कंपनी कोरोना वायरस की एंटीबॉडी थेरेपी पर भी काम कर रही है।