गूगल का सबसे बड़ा कैंपस अनंत भारत में लॉन्च
गूगल ने बुधवार को भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस अनंत लॉन्च किया। यह न केवल भारत में, बल्कि गूगल के वैश्विक स्तर पर भी सबसे बड़े परिसरों में से एक है।

गूगल ने बुधवार को भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस अनंत लॉन्च किया। यह न केवल भारत में, बल्कि गूगल के वैश्विक स्तर पर भी सबसे बड़े परिसरों में से एक है। यह कैंपस बेंगलुरु के महादेवपुरा में स्थित है और इसमें 5,000 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता है। इस कैंपस का डिज़ाइन विशेष रूप से सुगमता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और इसके निर्माण में अधिकतर सामग्री स्थानीय स्रोतों से ली गई है।
स्थाई प्रभाव के लिए पहचाना जाएगा अनंत-
गूगल इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट और कंट्री मैनेजर, प्रीति लोबाना ने इस अवसर पर कहा, अनंत केवल उस इनोवेशन के लिए नहीं जाना जाएगा जो इसकी दीवारों के भीतर से आएगा, बल्कि इसके स्थायी प्रभाव के लिए भी पहचाना जाएगा। छह साल पहले हमने एआई फर्स्ट दृष्टिकोण अपनाने का निर्णय लिया था। हमने भारत को न केवल एक प्रतिभाशाली देश के रूप में, बल्कि एक ऐसा स्थान भी माना, जहां एआई बड़े पैमाने पर जीवन को बदल सकता है। यह नया कैंपस तकनीकी क्षेत्र में हो रहे महत्वपूर्ण बदलावों में एक अहम मील का पत्थर है।
अनंत एक बेहतरीन मंच-
गूगल डीपमाइंड के वाइस प्रेसिडेंट और बेंगलुरु साइट लीड, आनंद रंगराजन ने कहा, भारत जटिल समस्याओं के समाधान के लिए एक बेहतरीन मंच है। भारतीय उपयोगकर्ताओं की समस्याओं को हल करके वैश्विक समाधान तैयार होते हैं। अनंत जो अब गूगल के सबसे बड़े कार्यालयों में से एक है, इसी विश्वास और भारत के डिजिटल भविष्य को सशक्त बनाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह उन सभी के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है जिन्होंने इस भविष्य को आकार देने में योगदान दिया है। गूगल का भारत में 10,000 से अधिक कर्मचारियों के साथ मजबूत कार्यबल है और कंपनी की बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम जैसे शहरों में उपस्थिति है। वर्तमान में, गूगल हाइब्रिड वर्क मॉडल का पालन करता है, जिसमें कर्मचारियों को सप्ताह में तीन दिन कार्यालय में काम करने की आवश्यकता होती है। Ananta कैंपस के लॉन्च के साथ, गूगल भारत में अपने विश्व-स्तरीय उत्पादों और जटिल उपयोगकर्ता चुनौतियों को हल करने की अपनी क्षमता को और मजबूती से बढ़ाएगा।