एमपी में सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा प्रमोशन, सीएम मोहन यादव ने की घोषणा
मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार जल्द ही चार लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रमोशन देने जा रही है।

मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार जल्द ही चार लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रमोशन देने जा रही है। पिछले आठ वर्षों से प्रमोशन की प्रक्रिया रुकी हुई थी, जिससे अब कर्मचारी डबल प्रमोशन के पात्र हो गए हैं। हालांकि, फिलहाल रिक्त पदों की सीमित संख्या के कारण उन्हें सिर्फ एक प्रमोशन ही मिल सकेगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा करते हुए बताया कि जल्द ही प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जानकारी दी है कि राज्य में फिलहाल 1.25 लाख पद रिक्त हैं, जिन पर कर्मचारियों को प्रमोशन दिया जा सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगले एक साल में कर्मचारियों को दूसरा प्रमोशन मिलने की संभावना है। हालांकि, डबल प्रमोशन के प्रस्ताव पर विचार जरूर हुआ था, लेकिन फिलहाल उसे स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रमोशन से सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा, क्योंकि कर्मचारियों को पहले से ही समय पर वेतन दिया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों का प्रमोशन वर्ष 2016 से अटका हुआ है। इस लंबे अंतराल में एक लाख से अधिक कर्मचारी बिना प्रमोशन के ही सेवानिवृत्त हो गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि कई कर्मचारी पूरी सेवा अवधि में प्रमोशन की राह देखते रह गए, लेकिन उन्हें इसका अवसर नहीं मिल पाया। इस गंभीर मुद्दे के समाधान के लिए मंत्रियों के साथ अब तक 12 से अधिक बैठकें की जा चुकी हैं और अब समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद मंत्रालय कर्मचारी संघ और स्टेनोग्राफर संघ के प्रतिनिधियों ने मोहन यादव से मुलाकात की और इस निर्णय पर संतोष जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। कर्मचारियों के संगठनों ने इसे एक लंबे समय से लंबित मांग के समाधान की दिशा में बड़ा और सकारात्मक कदम बताया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जल्द ही चार लाख कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को जल्द राहत मिल सकती है।