मौसम ने ली करवट, मुंबई के साथ ही कई अन्य जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी 

मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कुछ जिलों के लिए हीटवेव की चेतावनी भी जारी की है। इसके अनुसार, 25 और 26 फरवरी (मंगलवार और बुधवार) को मुंबई में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Feb 25, 2025 - 15:48
 9
मौसम ने ली करवट, मुंबई के साथ ही कई अन्य जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी 
Heatwave alert issued in Mumbai and many other districts

 

देश के कई राज्यों में ठंड का असर अब समाप्त हो चुका है और कई स्थानों पर दिन में हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कुछ जिलों के लिए हीटवेव की चेतावनी भी जारी की है। इसके अनुसार, 25 और 26 फरवरी (मंगलवार और बुधवार) को मुंबई में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि सोमवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि फरवरी माह में पिछले पांच सालों का सबसे उच्चतम तापमान था। अगले दो दिनों तक मुंबई में गर्मी और उमस बनी रहने की संभावना है। विभाग ने अनुमान जताया कि तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और रायगढ़ में मंगलवार और बुधवार को लू चलने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, गुरुवार तक तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। 26 फरवरी से 1 मार्च तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश का अनुमान है। 27 फरवरी से 1 मार्च तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, करईकल और केरल में भी बारिश की संभावना जताई गई है।