हिंडनबर्ग रिसर्च फर्म हुई बंद

हिंडनबर्ग रिसर्च के फाउंडर नाथन एंडरसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कंपनी को बंद करने का ऐलान किया।

Jan 16, 2025 - 14:42
 17
हिंडनबर्ग रिसर्च फर्म हुई बंद
Hindenburg Research firm closed


अमेरिकी इन्वेस्टमेंट रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च के बंद होने की खबर से अडानी ग्रुप के शेयरों में गुरुवार को बड़ी तेजी आई। अडानी ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया। हिंडनबर्ग रिसर्च के फाउंडर नाथन एंडरसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कंपनी को बंद करने का ऐलान किया। हिंडनबर्ग ने जनवरी 2023 में अडानी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें अडानी की कंपनियों पर कई आरोप लगाए गए थे। 


इन आरोपों के बाद अडानी के शेयर 80% तक गिर गए थे। हालांकि, सेबी ने इन आरोपों की जांच की, लेकिन कुछ भी ठोस नहीं मिला, जिसके बाद अडानी ग्रुप के शेयर फिर से ऊंचे हो गए। अब हिंडनबर्ग रिसर्च के बंद होने की खबर से निवेशक अडानी के शेयरों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

शेयरों में 9 प्रतिशत तक आया उछाल

शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर अडानी ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई। अडानी पावर का शेयर 9.21 फीसदी बढ़ा, जबकि अडानी ग्रीन में 8.86 फीसदी की वृद्धि हुई। अडानी एंटरप्राइजेज में 7.72 फीसदी का उछाल आया, अडानी टोटल में 7.10 फीसदी की तेजी देखी गई, और अडानी एनर्जी सोल्यूशंस में 6.63 फीसदी का उछाल हुआ। एनडीटीवी का शेयर भी 7 फीसदी बढ़ा। इसके अलावा, अडानी पोर्ट्स में 5.48 फीसदी, अंबुजा सीमेंट में 4.55 फीसदी, एसीसी में 4.14 फीसदी, सांघी इंडस्ट्रीज में 3.74 फीसदी और अडानी विल्मर में 0.54 फीसदी की तेजी आई।

क्यों किया फर्म बंद करने का ऐलान?  

हिंडनबर्ग रिसर्च के फाउंडर नाथन एंडरसन ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनकी योजना थी कि वे जिन विचारों पर काम कर रहे थे, उन्हें पूरा करने के बाद कंपनी को बंद कर देंगे, और वह दिन आज आ गया है। एंडरसन ने कहा कि उन्होंने कुछ बड़े साम्राज्यों को हिलाया, जिन्हें उनके अनुसार हिलाने की आवश्यकता थी। उन्होंने कंपनी के सफर और संघर्षों के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें तीन मुकदमों और वित्तीय चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडानी ग्रुप के अलावा डोरसी के ब्लॉक इंक और इकान के इकान एंटरप्राइजेज जैसी कंपनियों पर भी रिपोर्ट प्रकाशित की थी।