भारतीय नौसेना का संदेश- चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार

भारतीय नौसेना ने 26 अप्रैल को समुद्र में एक साथ गश्त कर रहे अपने चार युद्धपोतों की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।

Apr 26, 2025 - 15:59
 10
भारतीय नौसेना का संदेश- चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार
Indian Navy's message - Fully prepared to deal with the challenge

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में भारी तनाव आ गया है। इस हमले में 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गई, जिनमें भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी शामिल थे। घटना के बाद भारत ने सख्त कार्रवाई करते हुए न केवल सैन्य स्तर पर अपनी ताकत दिखाई, बल्कि कूटनीतिक मोर्चे पर भी पाकिस्तान पर दबाव बनाया।

भारतीय नौसेना ने 26 अप्रैल को समुद्र में एक साथ गश्त कर रहे अपने चार युद्धपोतों की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की और संदेश दिया कि वे हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पोस्ट में"एकता में शक्ति; उद्देश्यपूर्ण उपस्थिति" और साथ ही #MissionReady और #AnytimeAnywhereAnyhow जैसे हैशटैग का भी इस्तेमाल किया गया। 

पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम-

हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए जैसे सिंधु जल समझौते को निलंबित करना और अटारी बॉर्डर पोस्ट को बंद करना। पाकिस्तान ने जवाब में भारत के साथ व्यापारिक संबंध तोड़ने और इसे युद्ध जैसा बताने की कोशिश की। भारत ने इस बीच INS सूरत से सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का सफल परीक्षण कर अपनी तैयारी का प्रदर्शन किया।

भारतीय और पाकिस्तानी नौसेना की तुलना-

भारतीय और पाकिस्तानी नौसेना की तुलना करें तो भारत की ताकत काफी ज्यादा है। भारत के पास 293 युद्धपोत हैं जिनमें दो विमानवाहक पोत और परमाणु-संचालित पनडुब्बियाँ भी शामिल हैं, जबकि पाकिस्तान के पास सिर्फ 121 पोत हैं और कोई विमानवाहक पोत नहीं है। पाकिस्तान की कुछ पनडुब्बियां चीन से मिली हैं लेकिन वे पूरी तरह चालू नहीं हैं।

भारत पाकिस्तान से कहीं आगे-

तकनीकी रूप से भी भारत पाकिस्तान से कहीं आगे है। भारत के पास ब्रह्मोस और बराक-8 जैसी आधुनिक मिसाइलें हैं और वह समुद्र से परमाणु हमले की भी क्षमता रखता है, जो पाकिस्तान के पास नहीं है। भारत की लंबी समुद्री सीमा और अंडमान-निकोबार द्वीपों की सामरिक स्थिति से भी उसे बढ़त मिलती है, जबकि पाकिस्तान के पास सिर्फ तीन मुख्य बंदरगाह हैं।

इतिहास भी भारत की नौसेना शक्ति का गवाह है, जैसे 1971 में कराची बंदरगाह पर हमला। आज भी भारत समुद्री सुरक्षा अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मौजूदा हालात में भारत की नौसेना हर मोर्चे पर पाकिस्तान से कई गुना ज्यादा ताकतवर और सक्षम मानी जाती है।

पहलगाम हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल अपनी पत्नी के साथ हनीमून पर थे जब यह हमला हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद घाटी में आतंकवाद के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन शुरू हुआ, जिसमें सभी समुदायों ने भाग लिया। भारत ने इस आतंकी घटना के बाद दुनिया को पाकिस्तान की आतंकवाद-समर्थन वाली भूमिका के बारे में और अधिक सटीक तरीके से बताया।