jabalpur News: डिवाइडर तोड़ बस से टकरा गई जीप, 6 मौत, 2 घायल
सिहोरा थाना क्षेत्र के खितोला के पहरेवा बाइपास पर आज तड़के 4 बजे एक भीषण हादसे में छ: लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गयी।

- डिवाइडर तोड़ बस से टकरा गई जीप, 6 मौत
- खितौला के पास भीषण हादसा
- महाकुंभ से कर्नाटक लौट रहे थे श्रद्धालु
- पीएम के शवों को गृहनगर भेजा जाएगा
जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के खितोला के पहरेवा बाइपास पर आज तड़के 4 बजे एक भीषण हादसे में छ: लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गयी। घटना में महाकुंभ से लौट रही तूफान जीप डिवाइडर तोड़कर बस से जा टकराई,जिससे जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये।जो सवारियां इस हिस्से में सवार थीं,वे बुरी तरह घायल हुईं और उनकी मौत हो गयी। हादसे में दो लोग घायल भी हैं,जिनका इलाज जारी है।इधर,कलेक्टर दीपक सक्सेना व एसपी संपत उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया एवं घायलों के इलाज का इंतजाम किया।
कर्नाटक जा रही थी जीप
जानकारी के अनुसार जीप क्रमांक केए 49 एम 5054 में सवार होकर लोग प्रयागराज महाकुंभ से लौटकर कर्नाटक अपने घरों की तरफ लौट रहे थे। घायलों एवं शवों के परिजनों को पुलिस-प्रशासन की टीम ने की जानकारी दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद जिला प्रशासन ने शवों को कर्नाटक रवाना करेगा।
क्रेन की मदद से हटाया गया
हादसे के बाद जीप को क्रेन की मदद से हटाया गया। घटना के बाद तेज आवाज हुई थी,जिससे आसपास के लोग भी आ गये। हालात देखकर लोगों ने सबसे पहले 108 को फोन किया और उसके बाद पुलिस को। पुलिस टीम आनन-फानन में पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल रवाना किया।
मुझे और कुछ याद नहीं
सड़क हादसे में घायल हुआ सदाशिव काफी डरा हुआ है। पुलिस को घायलों से बात करने में भाषा की समस्या आ रही है। इतना जरूर समझ में आया कि सदाशिव औन अन्य सभी लोग आसपास के गांव के रहने वाले हैं। किराए की टैक्सी लेकर शुक्रवार रात कर्नाटक के बेलगाम से रवाना हुए थे। रविवार को प्रयागराज कुंभ में स्नान के बाद रात को वापस लौट रहे थे। सदाशिव का कहना था कि वह सबसे पीछे बैठा हुआ था। एक तेज धमाका हुआ, उसके बाद कुछ भी याद नहीं।
इनकी मौत हो गयी
1. वीरुपक्शी गुमती, निवासी बेलगाम, कर्नाटक
2. बासविराज कुरती, निवासी,गोकक
3. बालचंद्रा
4. राजू
5. सुनील
6. वीरना
ये हुए घायल
1. सदाशिव कुमार (59) निवासी कर्नाटक गंगटोक
2. मुस्तफा