महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को मिली हमले की धमकी, पाकिस्तान से वॉट्सअप मैसेज
शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पाकिस्तान में रजिस्टर्ड एक फोन नंबर से वॉट्सऐप पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इस संदेश में सीएम ऑफिस पर हमले की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद से मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है ।

शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पाकिस्तान में रजिस्टर्ड एक फोन नंबर से वॉट्सऐप पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इस संदेश में सीएम ऑफिस पर हमले की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद से मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मुंबई में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को भी ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली थी।
जानकारी के अनुसार, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को 'मलिक शाहबाज हुमायूं राजा देव' नामक व्यक्ति ने वॉट्सऐप पर एक धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें सीएमओ पर हमले की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद, मुंबई पुलिस ने 'मलिक शाहबाज हुमायूं राजा देव' के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम के बाद, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पिछले हफ्ते, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को भी जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकी एक अज्ञात ईमेल अकाउंट से भेजी गई थी, जिसमें शिंदे की गाड़ी को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। यह ईमेल गोरेगांव और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन और मंत्रालय को भेजे गए थे। इसके बाद, शिंदे की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। मुंबई पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि धमकी पाकिस्तानी नंबर से आई थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह सिर्फ एक शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।