पुणे नासिक हाईवे पर बड़ा हादसा 9 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के पुणे स्थित नारायणगांव इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई।

महाराष्ट्र के पुणे स्थित नारायणगांव इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई। यह दुर्घटना तब हुई जब एक ट्रक ने पीछे से एक कार को टक्कर मार दी, और इसके बाद ट्रक की जोरदार टक्कर से कार एक खड़ी बस से टकरा गई।
यह सड़क हादसा पुणे-नासिक राजमार्ग पर हुआ। दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे नारायणगांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, एक आयशर टेम्पो ने पीछे से सवारियों से भरी एक मैक्स ऑटो गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैक्स ऑटो गेंद की तरह उछलकर एक खड़ी बस से टकरा गई।
हादसे में 3 घायल
पुणे के इस भयानक हादसे में चार महिलाएं, चार पुरुष और एक बच्चा मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठे। इसके अलावा, तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुणे प्रशासन के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
चालक की लापरवाही आई सामने
विधायक शरद सोनवणे घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने इस हादसे का जायजा लिया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नारायणगांव में यह दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर दुर्घटना हुई है।
विधायक सोनवणे ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि आयशर टेम्पो ने एक यात्री वाहन को टक्कर मारी और फिर मौके से भाग गया। पुलिस ने आयशर टेम्पो को जब्त कर लिया है।
उन्होंने यह भी बताया कि वास्तविक दुर्घटना आयशर चालक के कारण हुई थी, और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर रूप से घायल लोगों को बचाने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।