बांधवगण टाइगर रिजर्व में 10 हाथियों की मौत पर, 20 अधिकारियों के तबादले
मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। मोहन सरकार ने 20 आईएफएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है।

मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। मोहन सरकार ने 20 आईएफएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है, जबकि दो अधिकारियों को दोबारा बहाल किया गया है। यह कदम बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 10 हाथियों की मौत की घटना के बाद उठाया गया है। बहाल किए गए अधिकारियों में गौरव चौधरी और फत्ते सिंह निनामा शामिल हैं। गौरव चौधरी को बालाघाट सर्कल का वन संरक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि फत्ते सिंह निनामा को शाजापुर सामान्य वन मंडल में उप वन मंडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
दरअसल, उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 10 हाथियों की मौत के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए यह कार्रवाई की है। इसी के तहत 20 वन अधिकारियों का तबादला किया गया है। गौरव चौधरी, जो 2010 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं, को 3 नवंबर 2024 को निलंबित किया गया था। अब उन्हें बालाघाट सर्कल का वन संरक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, फत्ते सिंह निनामा, जो सहायक वन संरक्षक के पद पर कार्यरत थे और पनपथा रेंज में उप वन मंडल अधिकारी के रूप में तैनात थे, उन्हें भी उसी दिन निलंबित किया गया था। अब उन्हें शाजापुर सामान्य वन मंडल में उप वन मंडल अधिकारी के पद पर बहाल कर दिया गया है। हालांकि, उनके खिलाफ विभागीय जांच अभी भी जारी है।
सरकार ने 18 अन्य आईएफएस अधिकारियों का भी तबादला किया है। एचयू खान, जो पहले पीसीसीएफ प्रोडक्शन के पद पर थे, अब उन्हें सीएएलपीए मुख्यालय में पीसीसीएफ और सीईओ बनाया गया है। अरविंद प्रताप सिंह, जो पहले बालाघाट सर्कल के मुख्य वन संरक्षक थे, अब उन्हें ग्वालियर सर्कल का मुख्य वन संरक्षक नियुक्त किया गया है। रिपुदमन सिंह भदौरिया, जो वन बल प्रमुख कार्यालय में वन संरक्षक के पद पर थे, अब उन्हें सागर में वन संरक्षक बनाया गया है। क्षितिज कुमार, जो वन विभाग में ओएसडी के रूप में कार्य कर रहे थे, अब उन्हें भोपाल में मंडल वन अधिकारी, कार्य योजना के रूप में तैनात किया गया है, और वे वन विभाग में ओएसडी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। प्रियंशी सिंह, जो पहले शिवपुरी के माधव राष्ट्रीय उद्यान में उप निदेशक थीं, अब उन्हें इंदौर में मंडल वन अधिकारी, कार्य योजना के रूप में नियुक्त किया गया है।
सरकार ने और भी आईएफएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए हैं। लवित भारती, जो पहले नरसिंहपुर वन मंडल के मंडल वन अधिकारी थे, अब उन्हें शहडोल में मंडल वन अधिकारी, कार्य योजना के रूप में तैनात किया गया है। प्रीता एसएम, जो मंडला (उत्पादन) की मंडल वन अधिकारी थीं, अब उन्हें पूर्व मंडला वन मंडल का मंडल वन अधिकारी नियुक्त किया गया है। विनय कुमार, जो रायसेन के मंडल वन अधिकारी थे, अब उन्हें उप वन संरक्षक और निदेशक, वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल के पद पर तैनात किया गया है। ऋषभ नेताम, जो पूर्व मंडला के मंडल वन अधिकारी थे, अब उन्हें उप निदेशक, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, नर्मदापुरम बनाया गया है।