आर.माधवन ने अपनी नई फिल्म जीडीएन का पोस्टर शेयर किया 

आर. माधवन ने बायोपिक GDN का पोस्टर शेयर किया, जो 'भारत के एडिसन' कहे जाने वाले जी. डी. नायडू के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में वह मुख्य भूमिका निभाते हुए उनके प्रेरणादायक सफर को बड़े पर्दे पर जीवंत करेंगे।

Feb 18, 2025 - 16:24
 21
आर.माधवन ने अपनी नई फिल्म जीडीएन का पोस्टर शेयर किया 
R Madhavan shared the poster of his new film GDN

आर. माधवन इन दिनों अपनी सीरीज हिसाब बराबर को लेकर सुर्खियों में हैं, और अब उन्होंने अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है। आर. माधवन ने बायोपिक GDN का पोस्टर शेयर किया, जो 'भारत के एडिसन' कहे जाने वाले जी. डी. नायडू के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में वह मुख्य भूमिका निभाते हुए उनके प्रेरणादायक सफर को बड़े पर्दे पर जीवंत करेंगे।

आर. माधवन ने फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले वह रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट में भारतीय वैज्ञानिक नंबी नारायण की भूमिका निभा चुके हैं। इस फिल्म के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला था, और उनके शानदार अभिनय को खूब सराहा गया था।

आर. माधवन ने अपनी नई बायोपिक GDN की शूटिंग शुरू कर दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "आप सभी की शुभकामनाएं और आशीर्वाद चाहिए।"

पोस्टर में बताया गया है कि फिल्म के भारत में शूटिंग शेड्यूल की शुरुआत हो चुकी है। यह खबर सामने आते ही फैंस बेहद उत्साहित हो गए और एक्टर को बधाइयां देने लगे। एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ने भी माधवन को शुभकामनाएं दी हैं।

फिल्म GDN में ये सितारे आएंगे नजर

साउथ के निर्देशक कृष्णकुमार रामकुमार द्वारा निर्देशित इस बायोपिक में आर. माधवन मुख्य भूमिका निभाएंगे। उनके साथ प्रियामणि, योगी बाबू और जयराम भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

कौन थे जी. डी. नायडू?

GDN फिल्म गोपालस्वामी दोराइस्वामी नायडू की जिंदगी पर आधारित है, जिन्हें 'भारत के एडिसन' कहा जाता है। साल 1937 में उन्होंने भारत की पहली इलेक्ट्रिक मोटर का आविष्कार किया था। इसके अलावा उन्होंने जूसर, केरोसीन से चलने वाला पंखा, इलेक्ट्रिक रेजर और कई अन्य उपकरण विकसित किए। विज्ञान और टेक्नोलॉजी में उनके योगदान के कारण उन्हें 'मिरैकल मैन' भी कहा जाता था। उन्होंने मैकेनिक्स, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कृषि के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।