संसद में हंगामा, सांसदों के बीच धक्कामुक्की

संसद के दोनों सदनों में आज भी हंगामा हो रहा है। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया।

Dec 19, 2024 - 17:03
 5
संसद में हंगामा, सांसदों के बीच धक्कामुक्की
Ruckus in Parliament, scuffle between MPs

भाजपा सांसद मुकेश राजपूत घायल

आज भी संसद के दोनों सदनों में हंगामा जारी है। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों दलों के सांसदों के बीच मकर द्वार पर धक्कामुक्की की खबर आई। भाजपा सांसद प्रताप सारंगी के सिर में चोट देखी गई। इस दौरान भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर बत्ती जा रही है। उन्हें आरएमएल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सारंगी का इलाज भी इसी अस्पताल में चल रहा है। पीएम मोदी ने फोन पर सांसदों का हालचाल जाना है।

घायल सांसद ने यह आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जो उनके ऊपर गिर गए। इस आरोप का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हां, ऐसा हुआ था। वे हमें प्रवेश द्वार पर रोकने की कोशिश कर रहे थे। मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी के साथ भी धक्का-मुक्की हुई थी।

आमने-सामने आए भाजपा-कांग्रेस सांसद-

दरअसल, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर कांग्रेस ने संसद भवन परिसर में मार्च निकाला। जवाब में भाजपा ने कांग्रेस पर झूठ की राजनीति का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान संसद भवन के मकर द्वार पर दोनों दलों के सांसद आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच धक्का-मुक्की की भी नौबत आई।

इस दौरान प्रताप सारंगी चोटिल हुए नजर आए। जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जो मेरे ऊपर गिर गए। इसके बाद मैं भी गिर पड़ा। मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था। इस बीच, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, अर्जुन राम मेघवाल, पीयूष गोयल और अन्य भाजपा नेता पार्टी सांसद प्रताप सारंगी को देखने आरएमएल अस्पताल पहुंचे।

राम मनोहर लोहिया अस्पताल की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, घायल हालात में अस्पताल आए प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत को स्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही जरूरत के आधार पर जांच भी की जा रही है। जांच के लिए नर्सिंग होम की टीम बनाई गई है। सिर में चोट लगने के कारण एतिहात के तौर पर आईसीयू में भर्ती कराया गया है। प्रताप सारंगी को बहुत ज्यादा रक्तस्राव हो रहा था और उन्हें गहरा घाव भी हुआ था। इसलिए उन्हें टांके लगाने पड़े। उनका मूल्यांकन किया जा रहा है। मुकेश राजपूत बेहोश हो गए थे।

जब लोकसभा में विपक्ष के नेता से इस मामले के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह घटना आपके कैमरे में रिकॉर्ड हो सकती है। मैं संसद के प्रवेश द्वार से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, इस दौरान भाजपा सांसद मुझे रोकने, धक्का देने और धमकाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए यह सब हुआ। हां, मल्लिकार्जुन खरगे को धक्का दिया गया, प्रियंका गांधी को भी धक्का मिला। हालांकि, इस धक्का-मुक्की से हम प्रभावित नहीं हुए। यह प्रवेश द्वार है और हमें अंदर जाने का पूरा अधिकार है। भाजपा सांसद हमें अंदर जाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे। असली मुद्दा यह है कि वे संविधान पर हमला कर रहे हैं और आंबेडकर की याद का अपमान कर रहे हैं।