जबलपुर में स्वामी राघव देवाचार्य को मिली जान से मारने की धमकी

मध्य प्रदेश के जाने-माने संत स्वामी राघव देवाचार्य को कुछ अज्ञात तत्वों ने जान से मारने की धमकी दी है। स्वामी राघव देवाचार्य को सुखानंद द्वाराचार्य स्वामी राघव देवाचार्य के नाम से भी जाना जाता है।

Apr 14, 2025 - 14:12
Apr 14, 2025 - 14:29
 17
जबलपुर में स्वामी राघव देवाचार्य को मिली जान से मारने की धमकी
Swami Raghav Devacharya received death threat in Jabalpur

अज्ञात तत्वों ने सोशल मीडिया के जरिये दी जान से मारने की धमकी

जबलपुर- मध्य प्रदेश के जाने-माने संत स्वामी राघव देवाचार्य को कुछ अज्ञात तत्वों ने जान से मारने की धमकी दी है। विशेष समुदाय से जुड़े युवकों ने संत को जान से मारने की धमकी देने के अलावा हिंदू देवी देवताओं के बारे में भी सोशल मीडिया पर अपशब्द लिखे हैं। जबलपुर के रहने वाले स्वामी राघव देवाचार्य को सुखानंद द्वाराचार्य स्वामी राघव देवाचार्य के नाम से भी जाना जाता है। पिछले दिनों कुछ विशेष समुदाय से जुड़े युवकों ने हिंदू देवी देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर अपशब्द लिखे थे। इस घटना के विरोध में जब हिंदूवादी संगठन स्वामी राघव देवाचार्य के नेतृत्व में आंदोलन और प्रदर्शन कर रहे थे, तभी कुछ अज्ञात तत्वों ने सोशल मीडिया पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने के साथ ही हिंदू देवी देवताओं को लेकर भी अमर्यादित टिप्पणियां की। इस घटना से हिंदूवादी संगठन भड़के हुए हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने का अल्टीमेटम भी दे दिया है। इस घटना के सामने आने के बाद जबलपुर के मदन महल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 296, 251 (2) के तहत मुकदमा कायम किया है। पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए विशेष समुदाय से जुड़े एक दर्जन से ज्यादा युवकों के इंस्टाग्राम अकाउंट की भी पहचान कर ली है और साइबर सेल के जरिए उनकी पड़ताल कराई जा रही है।