दुख भोग यात्रा में नजर आया प्रभु यीशु का बलिदान
संस्कारधानी जबलपुर में गुड़ फ्राइडे का पर्व पूरे आस्था और विश्वास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम जबलपुर के लिए नेपियर टाउन स्थित होली ट्रिनिटी चर्च में आयोजित किया गया।

गुड फ्राइडे पर जबलपुर में निकली भव्य क्रूस यात्रा
जबलपुर- संस्कारधानी जबलपुर में गुड़ फ्राइडे का पर्व पूरे आस्था और विश्वास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम जबलपुर के लिए नेपियर टाउन स्थित होली ट्रिनिटी चर्च में आयोजित किया गया जिसके बाद पारंपरिक रूप से भव्य क्रूस यात्रा निकाली गई। क्रूस यात्रा में सैकड़ो की तादाद में जबलपुर के ईसाई समुदाय से जुड़े लोग शामिल हुए और प्रभु यीशु के बलिदान का स्मरण किया। होली ट्रिनिटी चर्च से शुरू हुई क्रूस यात्रा ने शहर के अनेक इलाकों का भ्रमण किया जिसका समापन वापस होली ट्रिनिटी चर्च में ही हुआ।
सजीव मंचन से भावुक हुए श्रद्धालु -
गुड फ्राइडे पर शहर में निकाली गई दुख भोग यात्रा में प्रभु यीशु के अंतिम क्षणों का अभिनय के जरिए सजीव मंचन किया गया। सैकड़ो की तादाद में ईसाई समुदाय के लोगों और अनुयायियों की उपस्थिति में पिलातुस के द्वारा प्राण दंड दिया जाना, सूली पर चढ़ने और उसके वजन से बार-बार गिरने के दौरान सैनिकों के द्वारा कोड़े बरसाने के मार्मिक दृश्यों को देखकर श्रद्धालु भावुक हुए। क्रूस यात्रा का नेतृत्व जबलपुर धर्म प्रांत के पूर्व दधर्माध्यक्ष जेराल्ड अल्मेडा, बालक यीशु के तीर्थ स्थल के पल्ली पुरोहित फादर वॉल्टर खालको ने किया।
पिछले 27 सालों से जबलपुर में निकाली जा रही है क्रूस यात्रा -
गुड फ्राइडे के अवसर पर जबलपुर में पिछले 27 सालों से क्रम यात्रा निकाली जा रही है। पारंपरिक रूप से भंवरताल के पास स्थित होली ट्रिनिटी चर्च से इसकी शुरुआत होती है और उसके बाद शहर के अनेक इलाकों का भ्रमण करते हुए इसका चर्च में ही समापन होता है। इस वर्ष आयोजित क्रूस यात्रा में शहर ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों के रहने वाले ईसाई समुदाय के लोग और विश्वासी शामिल हुए। हर किसी ने गुड फ्राइडे के मौके पर शांति, प्रेम और बलिदान का संदेश देते हुए सभी को गुड फ्राइडे पर्व की शुभकामनाएं दी।