जीतू पटवारी के चढ़ते ही गिरा मंच, कांग्रेस नेता के पेट में घुस गया सरिया
भोपाल में सोमवार को बजट सत्र के पहले दिन किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा विधानसभा का घेराव किया जाना था। इससे पहले, न्यू मार्केट के रंगमहल चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के लिए मंच लगाया गया था। हालांकि, दोपहर के समय मंच पर अधिक भार होने के कारण वह अचानक गिर गया, जिससे 12 से अधिक कांग्रेस नेता गंभीर रूप से घायल हो गए।

भोपाल में सोमवार को बजट सत्र के पहले दिन किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा विधानसभा का घेराव किया जाना था। इससे पहले, न्यू मार्केट के रंगमहल चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के लिए मंच लगाया गया था। हालांकि, दोपहर के समय मंच पर अधिक भार होने के कारण वह अचानक गिर गया, जिससे 12 से अधिक कांग्रेस नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनके पेट में सरिया घुसने के कारण रेडक्रॉस सिद्धांता अस्पताल में उनका ऑपरेशन चल रहा है।
मंच गिरने की घटना में अन्य कई नेताओं को भी चोटें आई हैं। पूर्व विधायक रवि जोशी, शैलेंद्र पटेल, कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल और रोशनी यादव को भी गंभीर चोटें लगी हैं, जबकि एक महिला नेत्री का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान भी मंच पर मौजूद थे और उन्हें भी हाथ-पैर में चोटें आई हैं। हालांकि, कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया। घायल नेताओं को अस्पताल ले जाने के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा। कांग्रेस नेता हाथों में गेहूं की बालियां लेकर किसानों से किए गए वादों को पूरा करने की मांग करते रहे। पुलिस ने विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेड्स लगा दिए, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें पार करने की कोशिश करते रहे। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।