अमेरिका में TikTok की वापसी, एपल एप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध

TikTok ने अमेरिका में एपल और गूगल के एप स्टोर्स में अपनी वापसी कर ली है, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने TikTok पर प्रतिबंध लगाने के अपने निर्णय को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।

Feb 14, 2025 - 17:10
 14
अमेरिका में TikTok की वापसी, एपल एप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध
TikTok returns to the US, available for download on Apple App Store and Google Play Store

TikTok ने अमेरिका में एपल और गूगल के एप स्टोर्स में अपनी वापसी कर ली है, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने TikTok पर प्रतिबंध लगाने के अपने निर्णय को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। चीनी टेक्नोलॉजी कंपनी ByteDance द्वारा संचालित यह लोकप्रिय सोशल मीडिया एप 18 जनवरी को एप स्टोर्स से हटा दिया गया था। इसका कारण एक नया अमेरिकी कानून था, जिसके तहत ByteDance को या तो TikTok को किसी अमेरिकी कंपनी को बेचना था या फिर प्रतिबंध का सामना करना था।

TikTok के 17 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी यूजर्स हैं। हाल ही में, प्रतिबंध के कारण TikTok ने एक दिन के लिए अपनी सेवाएं रोक दी थीं। लेकिन बाद में राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा प्रतिबंध को टालने का ऐलान किए जाने के बाद सेवा फिर से शुरू कर दी गई। इस दौरान, कई उपयोगकर्ताओं ने TikTok का विकल्प तलाशते हुए RedNote नामक एक अन्य चीनी सोशल मीडिया एप पर अकाउंट बना लिए और खुद को "TikTok शरणार्थी" (TikTok refugees) कहने लगे।

एपल एप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध-

लगभग एक महीने बाद, TikTok फिर से अमेरिका में एपल एप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो गया है। ट्रंप ने अपने कार्यकाल के पहले दिन एक कार्यकारी आदेश पर साइन कर TikTok पर प्रतिबंध की समय सीमा 5 अप्रैल तक बढ़ा दी।

अमेरिकी सरकार लंबे समय से TikTok को लेकर चिंतित रही है। अधिकारियों का मानना है कि इसकी चीनी स्वामित्व वाली कंपनी अमेरिकी नागरिकों की डेटा सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है। हालांकि, TikTok ने इन दावों को खारिज किया है और कहा है कि उसने कभी भी अमेरिकी उपयोगकर्ताओं का डेटा चीनी सरकार को साझा नहीं किया। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि इसे बैन करने वाला कानून अमेरिकी संविधान के पहले संशोधन (First Amendment) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन करता है।